देश के कई राज्यों में उमस और गर्मी से लोग बेहाल, हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली

देश के कई इलाके इनदिनों गर्मी और उमस से परेशान हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश जैसे राज्‍यों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद हिमाचल घूमने का प्‍लान बना रहे सैलानियों को एक बार सोच लेना चाहिए।यूपी के कई इलाकों के लिए भी मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं दिल्‍ली में पिछले दो दिनों से काफी गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार की दोपहर को बादल जरूर छाए थे, लेकिन बरसात नहीं हुई। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को नौ जिलों में आंधी और भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि वर्षा व भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हो सकती हैं। सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
पंजाब के लोगों को अभी राहत मिलने की उम्‍मीद नजर नहीं आ रही है। पंजाब के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को भी बादल छाए रहने का अनुमान है। सीमावर्ती जिलों में वर्षा हो सकती है। वहीं कुछ जिलों में धूप निकलने से उमस बरकरार रहेगी।यूपी के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के 20 जिलों में 4 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। वाराणसी, गौतम बुद्ध नगर, पीलीभीत, बरेली, हाथरस, आगरा, मैनपुरी, कानपुर, औरैया, झांसी, प्रयागराज, आजमगढ़, फतेहपुर, प्रतापगढ़ ,फुरसतगंज, मिर्जापुर, चंदौली, लखनऊ, बहराइच, संत कबीर नगर, गोरखपुर और मऊ के लिए मुख्य रूप से अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में सितंबर माह की शुरुआत में मानसून कुछ कमजोर पड़ता नजर आ रहा है, जिससे पिछले महीने बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार, इस माह के दूसरे सप्ताह में जमकर बारिश होगी। 9 सितंबर के बाद से राजस्‍थान के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर है। यहां आज से अगले दो दिन तक अच्छी बारिश होने की उम्‍मीद की जा रही है। उत्तरी बिहार के अधिकतर इलाकों में भारी और दक्षिणी बिहार में सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है। झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाके में 7 सितंबर तक हल्‍की बारिश होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *