ठाकुर ने विश्व साइकिल दिवस पर चलाई साइकिल , कहा खेलो इंडिया को मिलेगा बढ़ावा

नई दिल्ली

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को यहां विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर हुए एक समारोह में साइकिल रैली के राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरूआत की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, मनसुख मंडाविया और मीनाक्षी लेखी भी उपस्थित थे। ठाकुर ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया, खेलो इंडिया, क्लीन इंडिया और स्वस्थ भारत सभी मुहिमों को साइकिल के जरिये ही पूरा किया जा सकता है। ठाकुर और अन्य मंत्रियों ने इस दौरान प्रतियोगियों के साथ साइकिल भी चलायी ओर कहा कि सेहतमंद रहने यह जरुरी है।
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से आप स्वस्थ भी रहेंगे, प्रदूषण भी नहीं फैलेगा और ईंधन भी खर्च नहीं होगा। इसे बढ़ावा देने के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में साइकिल लेन बनायी जाएंगी। इस प्रकार अभी सुविधाओं की जो कम है उसे दूर किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक लोग साइकिल चलायें। वहीं रिजिजू ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस पर लोग यहां आये हैं पर उन्हें अन्य दिनों में भी साइकिल चलानी चाहिये। यह फिट रहने के लिए जरुरी है।
वहीं इससे पहले विश्व साइकिल दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कहा कि स्वस्थ जीवन-शैली के लिए वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से प्रेरणा लें। मोदी ने साइकिल चलाते हुए महात्मा गांधी की एक तस्वीर भी ट्विटर पर साझा की और लिखा, लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (लाइफ) यानी पर्यावरण के लिए जीवन-शैली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *