कांग्रेस के कुछ असंतुष्ट विधायकों ने मुख्यमंत्री गहलोत से की मुलाकात

जयपुर,

राजस्थान में पार्टी और सरकार से नाराज बताए जा रहे कांग्रेस के कुछ विधायकों ने शनिवार देर रात यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उनके आवास पर मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और खिलाड़ी लाल बैरवा तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से कांग्रेस में आए राजेंद्र गुढ़ा, संदीप यादव, वाजिब अली व लखन मीणा ने मुख्यमंत्री निवास में गहलोत से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि गहलोत ने इन विधायकों की नाराजगी को लेकर उनसे बात की व उनसे जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि इन विधायकों के रविवार को गहलोत के साथ उदयपुर जाने की संभावना है। कांग्रेस और उसके समर्थक कई निर्दलीय विधायक उदयपुर में ठहरे हुए हैं। कांग्रेस ने 10 जून को चार सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को देखते हुए अपने विधायकों को उदयपुर स्थानांतरित किया है। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, और प्रमोद तिवारी को उतारा है जबकि भाजपा ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने मीडिया कारोबारी और निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को समर्थन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *