पैगंबर मोहम्मद पर दिये बयान से मचे बवाल के बाद भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा पार्टी से निलंबित

नयी दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए कथित विवादित बयान से मचे बवाल को शांत करने के प्रयासों के तहत नूपुर शर्मा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता की ओर से जिंदल को जारी एक पत्र में कहा गया, आपकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल समाप्त की जाती है और आपको पार्टी से निष्कासित किया जाता है। पार्टी ने कहा कि सोशल मीडिया पर नवीन की टिप्पणियों ने सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ा। इससे पहले आज भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि उनकी पार्टी को ऐसा कोई भी विचार स्वीकार्य नहीं है, जो किसी भी धर्म या संप्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। उन्होंने कहा, ‘भाजपा न ऐसे किसी विचार को मानती है और न ही उसे प्रोत्साहन देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों का अपमान स्वीकार नहीं करती। सिंह ने कहा, भारत की हजारों वर्षों की यात्रा में हर धर्म पुष्पित व पल्लवित हुआ है। भारतीय जनता पार्टी सर्व पंथ समभाव को मानती है। किसी भी धर्म के पूजनीयों का अपमान भाजपा स्वीकार नहीं करती। उन्होंने कहा कि देश के संविधान की भी भारत के प्रत्येक नागरिक से सभी धर्मों का सम्मान करने की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *