मेडिकल स्टोर, क्लिनिकों पर की छापेमारी
रुड़की
लक्सर में नकली दवा पकड़े जाने के अगले दिन सोमवार को क्षेत्रीय डीआई (औषधि निरीक्षक) अनीता भारती ने विजिलेंस के उप निरीक्षक जगदीश रतूड़ी के साथ लक्सर नगर के दस से अधिक मेडिकल स्टोर और डॉक्टरों के क्लीनिक पर छापेमारी की। छापे के दौरान तीन ऐसे क्लीनिक चलते मिले, जिन पर न तो कोई बोर्ड लगा था, और न ही इलाज करने वाले डॉक्टर का नाम व डिग्रियां लिखी गई थी। टीम ने तत्काल प्रभाव से तीनों क्लीनिक बंद करा दिए। इसके अलावा उन्होंने लक्सर देहात के कुआंखेड़ा मोहम्मदपुर बुजुर्ग, नवादा और जैनपुर खुर्द में भी डॉक्टरों के क्लिनिक और मेडिकल स्टोर पर छापे मारे। लेकिन छापेमारी की सूचना पहले ही मिल जाने की वजह से सारे क्लीनिक मेडिकल स्टोर बंद मिले। डीआई भारती ने बताया कि अभी छापेमारी जारी रहेगी।
