शादाब के शानदार प्रदर्शन से पाक ने तीसरे एकदिवसीय के साथ ही सीरीज भी जीती
लाहौर
ऑलराउंडर शादाब खान के शानदार प्रदर्शन से मेजबान पाकिस्तान ने तीसरे एकदिवसीय में भी वेस्टइंडीज को हराकर 3-0 से सीरीज जीती है। इस मैच में तेज आंधी के कारण खेल में बाधा आई जिसके कारण मैच के ओवरों को घटकर इसे 48-48 ओवर कर दिया गया था। इस मैच में शादाब के 86 रनों की सहायता से पाक टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 269 रन बनाए। शादाब के अलावा सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक ने 62 रन बनाये।
वेस्टइंडीज की ओर से निकोलस पूरन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 37.2 ओवर में 216 रनों पर ही आउट हो गयी। मेहमान टीम की ओर से अकील हुसैन ने सबसे ज्यादा 60 रन और केसी कार्टी ने 33 रन बनाये जबकि बल्लेबाज शाई होप और कीमो पॉल ने 21-21 रन बनाए जबकि कप्तान निकलोस पूरन 11 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। वहीं पाक की ओर से शादाब ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में कमाल करते हुए कुल 4 विकेट लिए।
इस मैच में पाक की शुरुआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक और फखर जमां ने पहले विकेट के लिए 85 रन बनाये। पाक ने एक समय 117 रनों पर ही अपने 5 विकेट खो दिये। इसके बाद शादाब ने खुशदिल शाह के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 84 रन बनाये।
