अधीर रंजन ने स्पीकर ओम बिरला से की दिल्ली पुलिस की शिकायत, कहा- कांग्रेस सांसदों पर किया हमला

नई दिल्ली

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की जांच का उनकी पार्टी जमकर विरोध कर रही है। आज एक प्रतिनिधिमंडल लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी मिला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के सांसदों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया। आपको बता दें कि इस डेलिगोशन की अगुवाई सांसद अधीर रंजन चौधरी कर रहे थे।
स्पीकर से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, हमने स्पीकर को विस्तार से बताया कि किस तरह से हम पर अत्याचार और हिंसा हुई है। स्पीकर ने हमारी बात ध्यान से सुनी। हमने दिल्ली पुलिस के उन अधिकारियों के बारे में बात की जिन्होंने एआईसीसी कार्यालय में घुसकर हमारे सांसदों और कार्यकर्ताओं पर पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया।
इससे पहले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राहुल गांधी की ईडी अधिकारियों द्वारा लगातार तीन दिन पूछताछ किए जाने को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हस्तक्षेप करने की मांग की थी। ओम बिरला को लिखे पत्र में अधीर रंजन ने आरोप लगाया कि ईडी द्वारा राहुल गांधी के साथ अमानवीय व्यवहार और अपमान किया जा रहा है।
दरअसल, नेशनल हेराल्ड केस मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी को समन भेजा था। सोनिया गांधी बीमार होने की वजह से आगामी 23 जून को ईडी के समक्ष पेश हो सकती हैं। जबकि राहुल गांधी की लगातार तीसरे दिन बुधवार को ईडी के अधिकारियों के समक्ष पूछताछ हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *