सपा गुजरात चुनाव में पूरी ताकत से ठोकेगी ताल अखिलेश यादव ने दिए चुनाव लड़ने के संकेत

नई दिल्ली

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुजरात विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ ताल ठोकने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पांच महानगरों के अतिरिक्त पूरा गुजरात बंजर और उजाड़ है। पांच प्रतिशत चकाचौंध के अतिरिक्त बाकी 95 प्रतिशत गुजरात अंधकार में डूबा हुआ है। लोग भाजपा से मुक्ति चाहते हैं। समाजवादी पार्टी अब गुजरात मॉडल के छलावा का पर्दाफाश करेगी। इसी के साथ अखिलेश यादव ने गुजरात प्रदेश की कार्यकारिणी नामित कर दी है। गुजरात समाजवादी पार्टी में अध्यक्ष देवेन्द्र उपाध्याय (बडोदरा), उपाध्यक्ष अभिलाष धनेशा (बडोदरा), विजय कुमार यादव (सिलवस्सा) और अहीर मयूर सोलंकी (राजकोट), प्रमुख महासचिव राम सेवक साहनी (बडोदरा) कोषाध्यक्ष हसीब अंसारी (बडोदरा) तथा महासचिव किरन कन्सारा (अहमदाबाद), भीखा भाई हरभा (जामनगर) एवं अरविन्द चौबे (अहमदाबाद) नामित हुए हैं। इनके अतिरिक्त प्रदेश कार्यकारिणी में 25 सचिव और 67 सदस्य बनाए गए हैं। अखिलेश ने शुक्रवार को कहा कि गुजरात में भाजपा के सत्ताकाल के 25 वर्ष घोर निराशाजनक रहे हैं। किसानों-नौजवानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की आय में दो दशकों में कोई गुणात्मक अंतर नहीं आया है। सूरत, बड़ौदा, अहमदाबाद, गांधीनगर, जामनगर, राजकोट सहित पूरे गुजरात में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं है। गांवों में महिलाएं दूर-दूर से पीने का पानी लाने के लिए मजबूर हैं। बहुत से लोग खरीद कर पानी पीते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *