दो साल बाद 11 जुलाई से शुरू होगी श्रीखंड महादेव यात्रा

 

आनी

विश्व की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा 11 जुलाई से शुरू होगी। 18570 फीट की ऊंचाई पर भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए कई ग्लेशियर पार करने पड़ते हैं। यह यात्रा 24 जुलाई तक चलेगी। इस बार यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सुविधा एक हफ्ते में शुरू होगी।

इच्छुक यात्री दो रुपये शुल्क के साथ ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। उन्हें मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी अपलोड करना होगा। जिला प्रशासन ने अधिकारिक यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को निरमंड में उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आनी के विधायक किशोरी लाल सागर विशेष रूप से मौजूद रहे।

उपायुक्त एवं श्रीखंड यात्रा ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने कहा कि इस बार भी यात्रा के दौरान पांच बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे। इनमें पंजीकरण के अलावा स्वास्थ्य चेकअप, रेस्क्यू टीम के अलावा सभी इमरजेंसी सुविधाएं मुहैया होंगी। सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक विशेष दल का गठन किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि चोरी छिपे यात्रा पर न जाएं। अधिकारिक यात्रा में ही भाग लें। एसडीएम मनमोहन सिंह, डीएसपी रविंद्र नेगी, पंचायत समिति अध्यक्ष दलीप ठाकुर, बुद्धि सिंह ठाकुर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास शर्मा, प्रधान प्रेम ठाकुर, गोविंद प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान मिलते हैं कई मनमोहक स्थल

जिला कुल्लू के निरमंड में करीब 18570 फीट की ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड महादेव की बहुत धार्मिक मान्यता है। निरमंड से आगे जाओं नामक स्थान से करीब तीस किमी पैदल यात्रा कर भक्त श्रीखंड पहुंचते हैं। संकरी, खड़ी और कठिन चढ़ाई में भक्तों को कई प्रकार की जड़ी-बूटियों और सुंदर घाटियों के दर्शन होते हैं। जाओं से आगे सिंहगाड़, थाचडू, नयन सरोवर, भीमडवारी और पार्वती बाग जैसे सुंदर स्थानों का दर्शन करने के बाद श्रीखंड महादेव के दर्शन होते हैं। सरकार ने इस यात्रा को बीते सात साल से अब ट्रस्ट के अधीन किया है। उपायुक्त कुल्लू ट्रस्ट समिति के चेयरमैन हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *