सरकार बनाने के लिए आज मुंबई पहुंचेंगे बागी विधायक, कल फडणवीस ले सकते हैं सीएम पद की शपथ
पणजी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बीच, गोवा भाजपा नेताओं और समर्थकों ने बीती देर रात महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सोशल मीडिया पर उनका लोकप्रिय नारा ‘मी पुन्हा येन’ (मैं फिर से वापस आउंगा) का पोस्ट करके बधाई दी। बताया जा रहा है कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के बागी विधायकों के सुबह मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। चर्चा है कि अब बीजेपी सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है और देवेंद्र फडणवीस एक जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके बाद बहुमत परिक्षण होगा और फिर महाराष्ट्र में नई सरकार का गठन होगा।
उद्धव ठाकरे के इस्तीफे के बाद बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अब आगे की रणनीति तय करेंगे। राज्य की बीजेपी इकाई ने अपने सभी विधायकों को मुंबई में एकत्रित होने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को जीत के समय संयम बरतना चाहिए। वहीं, देवेंद्र फडणवीस ने कहा, मैं पार्टी का रुख कल (यानी आज) पक्के तौर पर बताऊंगा। सूत्रों के मुताबिक, फडणवीस के आधिकारिक आवास पर अगले दौर की बैठक हो सकती है।
गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गोवा में शिवसेना के बागी विधायकों की अगवानी करने के मूड में है। गुवाहाटी से तटीय राज्य के डाबोलिम हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद राज्य सरकार द्वारा इन नेताओं को कड़ी पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई। पणजी में ताज रिजॉर्ट एंड कन्वेंशन सेंटर में भाजपा नेता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जहां इन विधायकों ने रात भर ठहरने के लिए पहुंचे। गोवा में बीजेपी के वरिष्ठ नेता दामोदर नाइक ने फडणवीस की तस्वीर के साथ अपना वाक्या ‘मी पुन्हा येन’ पोस्ट किया।
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने भी पोस्ट करते हुए कहा, साहेब देवेंद्र फडणवीस जी को हार्दिक बधाई। आपका उदय हुआ है, एक सच्चे नेता जिन्होंने अथक परिश्रम किया। महाराष्ट्र को आपकी जरूरत है। हमारी दुआएं हमेशा आपके साथ हैं। गोवा में बीजेपी के कई समर्थकों ने विधानसभा चुनाव सभाओं को संबोधित करते हुए और लोगों से कह रहे हैं कि वह फिर से आएंगे, फडणवीस का वीडियो शेयर किया है।

