मोहम्मद जुबैर को बेंगलुरु लेकर पहुंची दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, लैपटॉप की होगी जांच

बेंगलुरु

ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को लेकर दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल सेल बेंगलुरु स्थित उसके घर पहुंची है। दिल्ली पुलिस की यह टीम जुबैर को लेकर साथ गई है ताकि उसका लैपटॉप बरामद हो सके। आरोप है कि इस लैपटॉप के जरिए जुबैर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। पहले उसने अपना लैपटॉप देने के लिए मना कर दिया था।
दरअसल, मोहम्मद जुबैर को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस यूनिट द्वारा बेंगलुरु लाया गया है। पुलिस ने बताया कि जुबैर ने लैपटॉप को पुलिस को सौंपने से इनकार किया, इसके बाद उसे बेंगलुरु लेकर पहुंचा गया। स्पेशल सेल ने कहा कि लैपटॉप बरामद करने के बाद पुलिस जुबैर के पोस्ट और हार्ड डिस्क मेमोरी की जांच करेगी। लैपटॉप को फोरेंसिक जांच के लिए भी भेजा जाएगा।
जुबैर ने अपने वकील के माध्यम से बताया था कि मेरा लैपटॉप और मेरा फोन स्टोरेज मेरी निजी चीजें हैं। वे मेरे लैपटॉप को लेने की मांग केवल मुझे परेशान करने के लिए कर रहे हैं। उधर पुलिस का कहना था कि जुबैर एक धार्मिक समुदाय की भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाने के लिए धर्म का इस्तेमाल कर रहा था। वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसा कर रहा था।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट मोहम्मद जुबैर की याचिका पर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। जुबैर ने अपनी याचिका में अपनी गिरफ्तारी और हिरासत में पूछताछ को चुनौती दी है। जुबैर ने पटियाला हाउस कोर्ट द्वारा दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को दी गई पुलिस रिमांड को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था।
जुबैर को दिल्ली पुलिस ने 2018 में किए एक ट्वीट की वजह से गिरफ्तार किया है। जुबैर पर भगवान के अपमान का आरोप है। एफआईआर के अनुसार जुबैर ने एक पुरानी हिंदी फिल्म के स्क्रीनग्रैब का इस्तेमाल किया था, जिसमें एक होटल की तस्वीर दिखाई दे रही थी, जिसके बोर्ड पर हनीमून होटल के बजाय हनुमान होटल लिखा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *