हिजाब के समर्थन में याचिका दायर करने वाली छात्रा के भाई को पीटा, पिता के होटल पर किया हमला
उडप्पी
कर्नाटक हिजाब विवाद में राज्य के उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने वाली एक छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके होटल पर देर रात लोगों ने हमला कर दिया। छात्रा के पिता के मुताबिक सोमवार की देर रात उडुपी जिले के मालपे में कथित तौर पर हमलावरों ने उनके होटल को निशाना बनाया है। इसकी जानकारी छात्रा हाजरा शिफा ने भी ट्वीट करके दी है। शिफा ने अपने ट्वीट में लिखा, मेरे भाई पर भीड़ ने बेरहमी से हमला सिर्फ इसलिए किया क्योंकि कि मैं अपने हिजाब के लिए खड़ी हूं जो मेरा अधिकार है। हमारी संपत्ति को भी बर्बाद कर दिया, क्यों? क्या मैं अपना हक नहीं मांग सकती? उनका अगला शिकार कौन होगा? मैं संघ परिवार के गुंडों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती हूं।
छात्रा हाजरा ने अपने ट्वीट में भाई को पीटे जाने के आरोप के साथ उडप्पी पुलिस को टैग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें उडप्पी से शुरू हुआ हिजाब विवाद यूपी के भी कई शहरों में पहुंच चुका है।सोमवार को यूपी के वाराणसी में गर्ल्स कॉलेज के बाहर भी छात्राओं को हिजाब में स्कूल में प्रवेश देने को लेकर कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया था। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था। हिजाब विवाद के बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या हो जाने के बाद कर्नाटक के कई इलाकों में तनाव पसरा हुआ है। 26 साल के बजरंग दल कार्यकर्ता हर्षा के शव को पुलिस की सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम के बाद उसके घर पहुंचाया गया था। फिलहाल इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया है कि आरोपी स्थानीय ही हैं। वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या के मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी जमकर हो रही है।
