इलाज और दवा न मिलने से नाराज पेंशनर्स का आंदोलन शुरू 

देहरादून

सीजीएचएस के तहत अधिकृत कैमिस्ट से दवा की सुविधा बंद किए जाने और मैक्स अस्पताल में भुगतान नहीं होने पर ओपीडी बंद होने से नाराज पेंशनर्स ने आंदोलन शुरू कर दिया है। उन्होंने सोमवार से जीएमएस रोड स्थित सीजीएचएस प्रभारी कार्यालय में धरना शुरू कर दिया है। अध्यक्ष बीएस नेगी और महासचिव एसएस चौहान ने कहा कि पेंशनर्स की समस्या हल नहीं हो पाने के कारण उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। कई बार मांग उठाने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है। विशेषज्ञ डाक्टरों द्वारा गंभीर रोगियों (बुजुर्गों) क़ो लिखी जा रही इन्डेटेड दवाइयों की आपूर्ति अधिकृत कैमिस्ट कानूनी प्रक्रिया के तहत करते है़, जो दूसरे दिन संबधित वेलनेस सेंटर में मरीजों को कैशलेस रूप में मिलती है़। सीजीएचएस स्टोर में उपलब्ध बाकी दवाइयां उसी दिन संबधित मरीजों को दी जाती हैं यह प्रक्रिया देशभर के समस्त सीजीएचएस वेलनेस सेंटरो पर लागू है़। लेकिन आदेश से प्रत्येक सेंटर पर रोजाना उपचार व दवा के लिये आने वाले सैकड़ों मरीजों, बुजुर्गों को दवा नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। कहा कि अपर निदेशक डा०  जानकी जंगपांगी से मुलाकात कर समस्या बताई है। इस दौरान संरक्षक एनएन बलूनी, एमएस रावत, संयोजक केएस बंगारी, संयुक्त सचिव वीडी शर्मा, सह सचिव एचएस काला, जयानंद, डीपी बहुगुणा, केपी मैठानी, उमेश्वर रावत, जेएन शर्मा, आईजे सिंह, सीडी शुक्ला, चतर सिंह, अमृत सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *