तीन वर्ष से फरार दस हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार 

 

 

 

विकासनगर

थाना सेलाकुई पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में तीन वर्ष से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी और उसके बेटे के खिलाफ प्रेमनगर थाने में धोखाधड़ी के छह और गैंगस्टर ऐक्ट में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का बेटा मामले में पहले ही जेल जा चुका है।

मैसर्स फाइन डेवलपर्स एवं रिटेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अब्दुल कादिर पुत्र अब्दुल समद और उसके बेटे रुहुल अमीन निवासी मकान नम्बर पांच रामजीवन नगर चिलकाना रोड थाना मण्डी जिला सहारनपुर यूपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में जमीन बेचने के नाम पर एक करोड़ दो लाख रुपये की धोखाधड़ी, कूट रचित दस्तावेज सहित छह अलग अलग मुकदमे और एक मुकदमा गैंगस्टर ऐक्ट में दर्ज है। आरोपी पिता पुत्र ने छह लोगों को जमीन बेचने के नाम पर करीब एक करोड़ दो लाख रुपये की धनराशि ले ली थी, लेकिन जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। रजिस्ट्री नहीं होने पर आरोपियों ने रुपये भी नहीं लौटाए। आरोपियों ने जो जमीन दिखाई थी वह भी फर्जी थी। जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर दिखाये गए। जबकि मौके पर कोई जमीन नहीं मिली। आरोपी पिता पुत्रों के खिलाफ एसआईटी जांच के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने अलग अलग छह मुकदमे दर्ज किये थे और पिता पुत्र पर गैंगस्टर ऐक्ट लगाया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से दोनों पिता पुत्र फरार हो गये थे। जिसमें छह माह पहले पुलिस ने आरोपी के बेटे रुहुल को जेल भेज दिया था। आरोपी अब्दुल कादिर तीन वर्ष से फरार चल रहा था। सेलाकुई थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर ऐक्ट में जांच कर रही है। सेलाकुई पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल कादिर को सहारनपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर ऐक्ट की जांच कर रहे थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस की टीम में एसआई मंसूर अली, कांस्टेबल फरमान अली, विजय, सर्वेश शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *