विकासनगर में एक और जौनसार बावर में बारह मार्गों पर यातायात रहा ठप

विकासनगर

विकासनगर के बिन्हार क्षेत्र में एक और जौनसार बावर में एक दर्जन मार्ग मलबा आने से मार्ग बंद रहे। इससे इन मार्गों पर यातायात व्यवस्था दोपहर तक ठप रही। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण लगातार पहाड़ियों पर भूस्खलन होने से मलबा सड़कों पर आने का सिलसिला जारी है। इससे बुधवार को भी विकासनगर ब्लॉक क्षेत्र के लांघा-बिन्हार मटोगी, जौनसार बावर क्षेत्र हरिपुर- कोटी- इच्छाडी- मीनस, काहा-नेहा-पुनाह, मंसी घाटी-घ्वैरा, माख्टी -पोखरी -खकोणी, डिरनाड, गडोल सकरौल, मसराड, दोहरा,एटुंडे, डिमिच, लेल्टा मंगरोली, सोडा सरोली आदि मार्गों पर मलबा आ गया जिसके चलते मार्ग पर सुबह से लेकर दोपहर तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप रही। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आवागमन नहीं कर पाये। कई लोगों को चकराता, कालसी तहसील मुख्यालय के साथ ही देहरादून व विकासनगर क्षेत्रों को जाना था। लेकिन मार्ग बंद होने के कारण लोगों को अपने अपने बस स्टेशनों से वापस घरों को लौटना पड़ा। वहीं शहरी क्षेत्रों से वापस अपने गांवों को लौट रहे लोगों को सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक मार्गों को खुलने का इंतजार करना पड़ा। दोपहर बाद सड़कों से मलबा हटने के बाद यातायात शुरू होने पर ही लोग अपने घरों की ओर लौट पाये। लोनिवि साहिया के अवर अभियंता पंकज बडोनी ने बताया कि दोपहर दो बजे तक सभी मार्गों से मलबा हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कर दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *