ट्रांसपोर्टरों ने केन्द्रीय मंत्री को दिया ज्ञापन
इंदौर
मध्यप्रदेश में स्थित आरटीओ की चेक पोस्टों पर हो रहे भ्रष्टाचार के चलते इन चेक पोस्टों को बंद करने के लिए ट्रांसपोर्टरों ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन दिया। एआईएमटीसी द्वारा सौंपे गए इस ज्ञापन में प्रदेश की आरटीओ चेक पोस्टों पर हो रही अवैध वसूली के रूप में भ्रष्टाचार की गतिविधियों से अवगत कराते हुए इन्हें बंद करने का आह्वान किया है। पूरे देश में एक कर प्रणाली लागू होने के बाद और वाहनों के रजिस्ट्रेशन संबंधी सभी जानकारी ऑन लाइन होने के बाद भी देश के अन्य प्रदेशों के भी परिवहन चेक पोस्ट जो अभी चल रहे हैं, उन्हें भी बन्द करने का आग्रह किया गया है। परिवहन संबंधी अन्य समस्याओं के साथ देश के टोल टैक्स सिस्टम द्वारा गलत वसूली और ज्यादा एवं नियम विरुद्ध टोल टैक्स लेने पर भी सुधार करने की मांग की गई है। इस दौरान इंदौर के तीनों ट्रांसपोर्ट संस्थाओं के प्रतिनिधि विजय कालरा, राकेश तिवारी, सीएल मुकाती, चतर सिंह भाटी, राजेंद्र त्रेहान, अमरजीत सिंह बग्गा, बीके बत्रा आदि उपस्थित थे।

