धारा 370 हटने की तीसरी बरसी के पहले पुलवामा में ग्रेनेड अटैक, मजदूर की मौत
जम्मू
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के पहले पुलवामा में गुरुवार को आतंकियों के ग्रेनेड अटैक में एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट किया कि आतंकवादियों ने पुलवामा के गदूरा इलाके में बाहर से आए श्रमिकों पर ग्रेनेड फेंके। इस आतंकी घटना में एक श्रमिक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर देर तक सर्च अभियान चलाया। इस साल की शुरुआत में आतंकियों ने गैर स्थानीय श्रमिकों पर हमले बढ़ा दिया थे, लेकिन इस तरह के लक्षित हमलों में पिछले करीब दो महीने से कमी आई थी। जम्मू-कश्मीर में यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब घाटी से धारा 370 हटने के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई थी।

