निलंबित भाजपा विधायक राजा सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में बंद का आव्हान
हैदराबाद
पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी को लेकर निलंबित भाजपा विधायक राजा सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया है। यह देखकर हैदराबाद पुलिस ने गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। दरअसल, निलंबित भाजपा विधायक टी राजा सिंह के समर्थकों द्वारा उनकी गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया था। श्रीराम युवा सेना ने बंद का आह्वान किया था। टी राजा सिंह की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ प्रिवेंटिव डिटेंशन (पीडी) एक्ट के विरोध में गोशामहल निर्वाचन क्षेत्र में शनिवार को बंद का ऐलान किया गया है। वहीं, पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बेगम बाजार, गोशामहल, मंगलहट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। बेगम बाजार में कुछ व्यापारियों ने बंद के आह्वान को देखकर अपनी दुकानों को बंद रखा है।
वहीं, ग्रेटर सिटी टिम्बर मर्चेंट और सॉ मिलर्स एसोसिएशन ने अपने सभी सदस्यों से शनिवार को अपने आउटलेट बंद रखने का अनुरोध किया है। पुलिस ने कहा कि अगर कोई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने की कोशिश करता है, तब उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पहले से ही चल रहे गणेश उत्सव के लिए शहर भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इस बीच, चेरलापल्ली सेंट्रल जेल में बंद राजा सिंह को सुरक्षा कारणों से मनासा बैरक से श्रद्धा बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया है।
