मध्यप्रदेश से डकैती डालने आए थे बदमाश, पुलिस ने पकड़ा तो थानाधिकारी पर तानी पिस्टल

जयपुर ।

करधनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मध्यप्रदेश के मुरैना से डकैती डालने आए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हथियारों के जखीरा लेकर आए बदमाशों ने थानाधिकारी पर पिस्तौल तान दी। पुलिस ने समय रहते उनसे हथियार छीनकर दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो अवैध पिस्टल, तीन मैग्जीन, 13 कारतूस, दो एयरगन बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बदमाश ज्वैलरी के शोरूम पर लूट और डकैती की बड़ी वारदात करने वाले थे।
डीसीपी (पश्चिम) वन्दिता राणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंकज शर्मा, संतोष सिंह चौहान, भूपेश यादव मुरैना मध्यप्रदेश और तरूण गौड़ सुभाष नगर ए थाना रिको एरिया पाली राजस्थान का रहने वाला हैं। एडिशनल डीसीपी रामसिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि चार बदमाश हथियार लेकर कोई वारदात करने की फिराक में घूम रहे है। अभी वह कालवाड़ की ओर से झोटवाड़ा जाएंगे। इस पर थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा, डीएसटी टीम के प्रभारी गुरू भूपेन्द्र सिंह सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कालवाड़ रोड स्थित गोविन्दम टावर के पास नाकाबंदी शुरू की। कुछ ही समय में एक बोलेरो को आता हुआ देख पुलिस ने उसे रोका तो वह कार को भगाने लगा। इस पर पुलिस ने पीछा करके उसे रोक लिया।
दरवाज अंदर से बंद कर बैठे रहे बदमाश
पुलिस ने कार में बैठे बदमाशों को दरवाजा खोलने के लिए कहा तो उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। इस पर पुलिस ने शीशा तोड़कर गेट को खोला। गेट खोलते ही बोलरो के चालक की बगल वाली सीट पर बैठा व्यक्ति अचानक बोलेरो से नीचे उतरा और पिस्टल अपने दाहिने हाथ में लेकर थानाप्रभारी बनवारी लाल मीणा पर तान दी। इस पर थानाप्रभारी ने दाहिना हाथ पकड़कर उसे काबू में कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो लोडेड पिस्टल, कारतूस, एक एकस्ट्रा मैगजीन, दो एयरगन, दो नकब, चार मास्टर चाबी, बोलेरो कार को जब्त कर लिया।
पहले भी पकड़े जा चुके है बदमाश
पुलिस ने बताया कि आरोपी पंकज शर्मा उर्फ ढोलू ने पूछताछ में बताया कि उसके खिलाफ मुरैना, गुजरात, राजस्थान में लूट, चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास के 19 प्रकरण दर्ज हैं। वह वर्ष 2016 में झोटवाड़ा जयपुर में निवारू रोड पर शुभम ज्वैलर्स पर ज्वैलर को गोली मारकर डकैती कर चुका है। जिसमें करीब 26 माह जेल में रह चुका है। इसके बाद धौलपुर में लूट की और अहमदाबाद के सुनार की दुकान पर 25 लाख की लूट की। जिसमें एक महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। वहीं भुपेश भी मुरैना का शातिर अपराधी है। जिसके खिलाफ लूट डकैती, हत्या के प्रयास के करीब दस मुकदमें दर्ज हैं। जो अभी डेढ़ महीने पहले ही जेल से बाहर आया हैं। संतोष चौहान भी शातिर बदमाश है, जदिसके खिलाफ 12 प्रकरण दर्ज हैं। ये सभी जयपुर में किसी ज्वैलर के यहां लूट के इरादे से आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *