तिरंगा लिए हुए एसटीईटी अभ्यर्थी की पिटाई करने वाले एडीएम को जांच कमेटी ने ठहराया दोषी – जिलाधिकारी ने एक सप्ताह में मांगा जवाब
पटना
बिहार की राजधानी पटना में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों पर ताबड़तोड़ लाठियां भांजने वाले पटना एडीएम के ऊपर गाज गिर सकती है। पटना एडीएम ने हाथ में तिरंगा लिए हुए एक अभ्यार्थी को पहले घसीटा और फिर उसकी जमकर पिटाई की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस मामले में पटना के जिलाधिकारी ने एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह को एक वीडियो के संबंध में पत्र लिखकर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा है।
वीडियो में उन्हें 22 अगस्त को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान एसटीईटी अभ्यार्थी की पिटाई करते हुए देखा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच कमेटी ने एडीएम कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह को दोषी माना है। जिसके बाद जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनसे एक सप्ताह में जवाब मांगा है। इस मामले से जुड़ा हुआ वीडियो वायरल होने के बाद उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत की थी और एक जांच कमेटी का गठन किया था। ऐसे में जांच कमेटी इस बात की तफ्तीश में जुटी गई थी कि ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी जो एडीएम को खुद लाठियां भांजनी पड़ीं। जांच कमेटी ने इस मामले में एडीएम को दोषी करार दिया है।
