घूमने निकले युवक की डिग्गी में डूबने से मौत, रेस्क्यू टीम को जहरीले कीड़ों ने काटा
सीकर/पलसाना।
राजस्थान के सीकर जिले के जीणमाता कोछोर रोड पर गुरुवार शाम को पानी की डिग्गी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक ठीकरिया पंचायत का शाहपुरा निवासी महेश कुमार था। जो अपने साथी मुकेश कुमार के साथ घर से घूमने निकला था। युवक के डूबने की सूचना पर रानोली थाना पुलिस व सीकर सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया तो सिविल डिफेंस टीम को डिग्गी के जहरीले कीड़ों ने काट लिया। जिससे रात 11 बजे ऑपरेशन बंद करना पड़ा। टीम दूसरी योजना पर काम कर ही रही थी कि इसी बीच रात साढ़े तीन बजे मुकेश का शव पानी में ऊपर आ गया। जिसे बाहर निकालकर पलसाना राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। जहां पोस्टमार्टम से पहले ही परिजनों ने साथी मुकेश द्वारा ही महेश की हत्या की आशंका जताते हुए शव लेने से इन्कार कर दिया। फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है।
बाइक पर आये थे घूमने, डूबते देख फरार हुआ साथी
जानकारी के अनुसार मृतक महेश कुमार गांव के ही मुकेश कुमार के साथ बाइक पर घूमने गया था। इस दौरान शाम को दोनों जीणमाता कोछोर रोड पर बनी पानी की डिग्गी के पास रुके थे। इसी दौरान महेश पानी में डूब गया। जिसे देख मुकेश घबराकर मौके से भाग गया। बाद में जब ग्रामीणों ने डिग्गी के पास मोटरसाइकिल और कपड़े पड़े हुए देखें तब संदेह के आधार पर रानोली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रानोली थाना अधिकारी कैलाश चंद यादव जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सीकर से सिविल डिफेंस की टीम को मौके पर बुलाया गया। मामले में परिजनों ने अब साथ महेश के साथ आए मुकेश द्वारा ही हत्या की आशंका जताई है।
शव लेने से किया इन्कार, जता रहे आक्रोश
मृतक के परिजनों ने महेश की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि महेश के साथ घूमने गए मुकेश ने हत्या कर महेश का शव पानी में फेंक दिया। जिसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए। परिजन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की भी मांग कर रहे हैं। सूचना पर पूर्व चिकित्सा राज्य मंत्री बंशीधर बाजिया सहित काफी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस समझाइश में जुटी है।

