राजस्थान में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी, 15 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना

सीकर।

राजस्थान में भारी बारिश का दौर 7 अगस्त के बाद भी जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और अगस्त के पहले पखवाड़े में अच्छी बारिश की संभावना है। उधर, बीते 24 घंटों के दौरान बारिश की बात करें तो बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में चार इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो शुक्रवार (5 अगस्त) को पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और मानसून ट्रफ लाइन भी अपने सामान्य स्थिति में है। वहीं, 7 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है। इस तंत्र के प्रभाव से राज्य में करीब 15 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं।
आज इन संभागों में बरसेगी मेहर
बारिश की बात करें तो शुक्रवार को उदयपुर, कोटा, जोधपुर व अजमेर संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम दर्जे की बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का दौर होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों के भीतर पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर व जोधपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
कहां कितनी बारिश दर्ज
राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान कोई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में चार इंच से अधिक बारिश हुई, जबकि उदयपुर, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 115, जयपुर के विराटनगर में 59, आमेर में 32, बस्सी में 29, पोकरण में 57, झुंझुनू के गुढ़ा गौड़जी में 75, मकराना में 73, प्रतापगढ़ के जाखम डेम में 70, उदयपुर के नयागांव में 63, कठूमर में 45, डूंगरपुर के आसपुर में 58, धंबोला में 39 और गलियाकोट में 38 एमएम बारिश दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *