थाना परिसर में लगाई युवती ने आग – बलात्कार की रिपोर्ट नहीं लिख रही थी पुलिस
शहडोल
शहडोल जिले के अमलाई थाना परिसर में बलात्कार की शिकार एक युवती ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है। युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।बलात्कार की शिकार युवती तीन बार थाने पहुंची थी। लेकिन उसकी रिपोर्ट पुलिस ने नहीं लिखी। हताश होकर युवती ने आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामला दर्ज किया।
पीड़ित युवती को एक पटवारी ने शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर अपने घर ले गया था। उसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग के संबंध स्थापित हुए। पटवारी ने शादी करने का वायदा कर कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए थे।
बाद में पटवारी ने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बार-बार थाने जा रही थी। जब रिपोर्ट नहीं लिखी गई ,तो उसने आग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मामला हाथ से निकलता देख पुलिस ने ताबड़तोड़ पटवारी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर, जांच शुरू कर दी है।
