सीएम ने तैयार किया चम्पावत के विकास का खाका

चम्पावत। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के विकास को लेकर खाका तैयार कर दिया है। चम्पावत विस का विधायक बनने के सौंवे दिन उन्होंने देहरादून में अपनी विस के विकास के लिए घोषणाओं की झड़ी लगाई। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मॉडल जिला बनाने को लेकर सीएम ने दून में अधिकारियों संग बैठक की। इसी क्रम में जिले में सौ सेब के बागान विकसित किए जाने, बनबसा-टनकपुर में सिडकुल की स्थापना, जिले के सीमांत क्षेत्रों में संचार सुविधाओं में सुधार करने पर योजना तैयार की जा रही है। इसके अलावा ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण के लिए 50 नाली भूमि शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित करने पर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं क्वैराला पंपिंग योजना को जल्द धराचल पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुधारने, चम्पावत में हैरिटेज स्ट्रीट का निर्माण करने, टनकपुर रोडवेज वर्कशॉप को केंद्रीय कार्यशाला बनाने, चम्पावत में एआरटीओ कार्यालय खोलने, चम्पावत में जिम कार्बेट ट्रेल बनाए जाने समेत कुल 61 घोषणाएं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *