हाथियों ने रौंदी धान की खड़ी फसल

चम्पावत। बनबसा के देवीपुरा में हाथियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। बीते दिन हाथियों ने कई बीघे में धान की खड़ी फसल को रौंद दिया। परेशान किसानों ने हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्राम सभा देवीपुरा के तोक मझगांव में हाथियों ने आतंक मचाया है। रविवार को कमला देवी पत्नी त्रिलोक सिंह के खेतों में हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों ने कई बीघा में धान की खड़ी फसल को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। इससे महिला किसान को तगड़ा नुकसान हुआ है। प्रधान दीपक प्रकाश चंद ने बताया कि जंगल से सटे होने के चलते अक्सर जंगली जानवर खेतों में घुस कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उप प्रधान योगेश पांडे, पूर्व प्रधान सुरेश उप्रेती, माया देवी, शंकर लाल, दीपक पाठक आदि ने वन विभाग और प्रशासन से जंगली जानवरों से बचाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *