जैविक खेती ट्रैनिंग के नाम पर विदेशी दौरा सरकारी धन का दुरूपयोग : नेगी
विकासनगर
जन संघर्ष मोर्चा ने कैबिनेट मंत्री के नेतृत्व में विधायकों, अधिकारियों की बारह सदस्यों की टीम के जैविक खेती के गुर सीखने के लिए विदेश दौरे पर जाने का लेकर सवाल खड़े किये हैं। मोर्चा ने कहा कि यह जैविक खेती के गुर सीखने के लिए नहीं बल्कि जनता के पैसे को ठिकाने लगाने के लिए सैर सपाटा करना है। अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि एक कैबिनेट मंत्री की अगुवाई में विधायकों एवं अधिकारियों समेत 10-12 सदस्यों की टीम 10 दिनों के लिए जैविक खेती के गुर सीखने के लिए स्विट्जरलैंड एवं जर्मनी दौरे पर गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गुर सीखने के नाम पर सरकारी धन को ठिकाने लगाने के लिए सैर सपाटा किया जा रहा है। जो प्रदेश लगभग 65 -70 हजार करोड़ के कर्ज में डूबा हो तथा ब्याज चुकाने व वेतन इत्यादि के भुगतान के लिए बाजार से कर्ज लिया जा रहा हो। ऐसे में विदेशी दौरा प्रदेश को बर्बाद करने के लिए काफी है। नेगी ने कहा कि सरकार को इस फिजूलखर्ची पर रोक लगानी चाहिए।

