ब्लॉक स्तरीय कला महोत्सव संपन्न

विकासनगर

होशियार सिंह बुद्धूमल जैन बालिका इंटर में गुरुवार को समग्र शिक्षा अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय कला महोत्सव संपन्न हुआ। महोत्सव में ब्लॉक के 17 विद्यालयों से आए कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। दस प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पर आए कलाकारों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कला महोत्सव का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि लोक कलाओं को संरक्षित रखने के लिए इस तरह के महोत्सवों का आयोजन जरूरी है। इससे नई पीढ़ी अपनी लोक संस्कृति, लोक संगीत के संरक्षण के प्रति जागरूक रहती है। कार्यक्रम के संयोजक डा. नरेश कुमार ने कहा कि लोक संस्कृति और लोक कलाएं समाज विशेष की विरासत होती हैं, जिन्हें संजोए रखना सबका सामूहिक दायित्व है। महोत्सव में कलाकारों ने स्थानीय और देश के अन्य राज्यों की लोक कलाओं की अनुपम छटा बिखेरी। स्थानीय लोक संगीत, लोक नृत्य के साथ ही शास्त्रीय संगीत और शास्त्रीय नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरी। प्रतियोगिता के तहत शास्त्रीय संगीत में पल्लवी डिमरी, रोहित प्रथम, लोक संगीत में आरुषि तोमर, लोक वाद्य वादन में संजय गौड़, सुहानी, शास्त्रीय नृत्य में सुहानी और लोक नृत्य में प्रताप, कसक तोमर प्रथम स्थान पर रहे। दृश्य कला प्रतियोगिता द्विआयामी में सागर, अजीला नगमा प्रथम, दृश्य कला त्रिआयामी में समीर कुरैशी, खुशी, स्थानीय खिलौने एवं खेल प्रतियोगिता में कुश राठौर और पूजा बिष्ट प्रथम स्थान पर रहे। जबकि एकल अभिनय में प्राची भट्ट ने बाजी मारी। निर्णायक मंडल में भूपेंद्र सिंह, बलविंदर कौर, पूजा मौर्य, रचना गुप्ता, रितुश्री नागर, नीलम डिमरी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय द्विवेदी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *