कप्तान ने मतदान केंद्रों का जायजा लिया
रुड़की। कंट्रोल रूम पहुंचकर एसएसपी ने वहां की व्यवस्थाओं को जांचा। कहा कि मतदान के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रविवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों को गुड़मंडी परिसर बुलाया गया। जहां उन्हें चुनाव के दौरान ड्यूटी के बारे में बताया। कंट्रोल रूम से मतदान सामग्री के साथ उनको रवाना किया गया। नारसन ब्लॉक के सभी 96 मतदान केंद्रों पर मतदान अधिकारियों को मतदान सामग्री सौंपी गई। जिसके बाद उन्होंने मतदान सामग्री की जांच की और मतपत्रों की गिनती भी की। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक हरिद्वार डॉ. योगेंद्र सिंह रावत गुड़मंडी पहुंचे। जहां पर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन यदि कोई भी व्यक्ति क्षेत्र की शांतिभंग करने का प्रयास करता है। या मतदान में व्यवधान उत्पन्न करता है तो ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई तत्काल प्रभाव से अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान कराना पुलिस का कर्तव्य है। इस दौरान एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर पंकज गैरोला और इंस्पेक्टर राजीव रौथाण आदि मौजूद रहे।

