सरकार की छवि धूमिल कर रहे शासन एवं विभागीय अधिकारीः रघुनाथ
देहरादून
जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा है कि शासन एवं विभागीय अधिकारी मिलकर सरकार की छवि को धूमिल करने की दिशा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए नेगी ने कहा है कि मुख्य सचिव अधिकारियों पर नकेल डालने में नाकाम साबित हो रहे हैं तथा कई बार अपना दर्द सार्वजनिक कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर होता कि मुख्य सचिव ये जिम्मेदारी छोड़कर किसी और को मौका देते है। इस अवसर पर नेगी ने कहा कि जनता का इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि उनके शिकायती पत्र/मांग पत्रों पर कार्रवाई तो दूर, विभागों में पत्र ढूंढे नहीं मिलते है। उन्होंने कहा कि आलीशान कार्यालयों में बैठे अधिकारी जनता की समस्या का निराकरण करने की बजाय उसमें इजाफा करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की गैर हाजिरी, लेटलतीफी भी जनता की परेशानियों में इजाफा करने का काम करती हैं। नेगी ने कहा कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शासन द्वारा शासन को संदर्भित पत्र पटल पर पड़े-पड़े दम तोड़ रहे हैं तथा जब पीड़ित पक्ष अपने पत्रों की व्यक्तिगत रूप से खोजबीन करता है तब जाकर पत्रावली मूवमेंट करती है। उन्होंने कहा कि कमोवेश यही हाल विभागीय अधिकारियों का है, जो शासन के पत्रों पर कार्रवाई तो दूर, उनको खोजने की जहमत तक नहीं उठाते है और कई बार शासन इतना लाचार हो जाता है कि विभागीय अधिकारियों को अनुस्मारक पर अनुस्मारक भेजने के बाद भी जवाब नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि मोर्चा सरकार से मांग करता है कि मुख्य सचिव के साथ-साथ शासन एवं विभागों में जमे अधिकारियों पर शिकंजा कसने का काम करें। इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह व सुशील भारद्वाज मौजूद थे।

