फर्जी पार्टनरशिप डीड बनाने में चार पर केस दर्ज

रुड़की

कुछ लोगों ने रुड़की के कारोबारी की फर्म में अपनी पार्टनरशिप के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लक्सर में खनन भंडारण का पट्टा मंजूर करा लिया। उन्होंने कारोबारी के फर्जी हस्ताक्षर से बैंक में एकाउंट खुलवाकर लेन-देन भी किया। जानकारी मिलने पर कारोबारी ने कोर्ट में माध्यम से चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रुड़की सिविल लाइन निवासी आरके त्यागी पुत्र गफूर त्यागी की आरके त्यागी एंड संस के नाम से फर्म है। 2015 में उन्होंने लक्सर के भोगपुर में स्टोन क्रशर लगाने का काम शुरू किया था। लेकिन बैंक से लोन न मिलने पर उनका काम बीच में रुक गया। उनकी मानें तो इस दौरान बाहरी लोगों ने उनकी फर्म के फर्जी दस्तावेज बनाए, जिनमें उनकी खुद की 99 फीसदी व त्यागी की महज एक प्रतिशत की पार्टनरशिप दिखाई गई। इसके बाद उन्होंने भोगपुर में उनके स्टोन क्रशर की जमीन पर फर्जी दस्तावेज से खनन सामग्री भंडारण का पट्टा ले लिया। साथ ही कनखल (हरिद्वार) स्थित बैंक में उनके फर्जी हस्ताक्षर से खाता खोलकर लेनदेन भी किया। इसकी जानकारी काफी दिनों के बाद आरके त्यागी को मिली, तो उन्होंने सबसे पहले बैंक अधिकारियों को शिकायत की। शिकायत पर बैंक ने फर्म का खाता फ्रिज कर दिया। पीड़ित ने इसके बाद पुलिस को तहरीर दी, पर कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने लक्सर एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट ने लक्सर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि हिसार (हरियाणा) के बरनाला थाने के कुम्भाखेड़ा गांव निवासी दिलबाग सिंह पुत्र स्वरूप सिंह और कुलवीर सिंह पुत्र नफे सिंह, इसी थाने में बातम गांव निवासी प्रताप सिंह पुत्र राधेश्याम और दुर्ग (छत्तीसगढ़) के पदनामपुर के आनंद बग्गा पुत्र कस्तूरचंद बग्गा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *