केदारनाथ में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलेट सहित 7 की मौत

रुद्रप्रयाग

केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा आर्यन कंपनी का हेलीकॉप्टर गरुड़चट्टी के पास पहाड़ी से टकराते हुए क्रैश हो गया, जिसमें पायलेट सहित 7 यात्रियों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर जब जमीन पर गिरा तो उसमें आग की लटपे उड़ने लगीं। हादसा हेलीकॉप्टर के केदारनाथ से लौटते हुए हुआ। हेलीकॉप्टर क्रैश की खबर आग की तरह फैल गई और सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि तब तक हेलीकॉप्टर जलकर राख हो गया था और सभी यात्रियों की मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार मंगलवार आर्यन कंपनी के सात सीटर हेलीकॉप्टर ने 6 यात्री एवं पायलेट के साथ केदारनाथ से गुप्तकाशी स्थित नाला हेलीपैड के लिए उड़ान भरी। इसी बीच 3 मिनट के अंतराल में ही गरुड़चट्टी पहुंचते ही सुबह साढ़े 11 बजे हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराते हुए क्रैश हो गया। इसमें सभी सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर गरुड़चट्टी की पहाड़ी से टकरा गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। पायलेट को एयर रूट नहीं दिखाई दिया और हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकरा गया। इधर, घटनास्थल पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सभी सात शव बरामद कर लिए हैं। एक शव आग से जल गया जबकि अन्य शवों की हेलीकॉप्टर से पहाड़ी से छिटकर इधर-उधर टकराते हुए दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 3 यात्री गुजरात, एक मुंबई, एक कर्नाटक और एक झारखंड का बताया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि दुखद घटना में सभी सात लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम द्वारा सभी सात शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं घटना के बाद सभी हेलीकॉप्टर सेवाएं बंद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *