साहिया में 24 नवंबर को होगा पुरातन छात्र सम्मेलन
विकासनगर
जौनसार बावर राजकीय इंटर कॉलेज साहिया में स्थापना के 72 वर्ष बाद पहली बार पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित होगा। इसके लिए इन दिनों विद्यालय प्रबंधन तैयारियों में जुटा हुआ है। विद्यालय की ओर से 8100 छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया है। 24 नवंबर को होने वाले सम्मेलन में ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था के तहत अभी तक तीन सौ पुरातन छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। बुधवार को विद्यालय प्रबंधन की ओर से ऑनलाइन बैठक कर पूर्व छात्रों से संपर्क साधा गया। कार्यक्रम संयोजक रूपेश कुमार नाथ ने बताया कि जौनसार बावर राजकीय इण्टर कॉलेज साहिया जौनसार बावर क्षेत्र का पहला इंटर कॉलेज है, जिसे जौनसार बावर के किसानों और आढ़तियों के सहयोग से शुरू किया गया। 24 नवंबर 2022 को यह पहला अवसर है जब सभी पूर्व छात्रों को एक मंच पर एकत्रित किया जा रहा है। प्रधानाचार्य जेएस बंगारी ने बताया कि यह कार्यक्रम विद्यालय के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय लिखने का काम करेगा। कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। पीटीए अध्यक्ष अनिल सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व छात्र और वर्तमान छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की धरोहर होते हैं। पूर्व छात्र संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ वर्तमान में पढ़ रहे छात्रों को शिक्षा से संबंधित बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा सकते हैं। विद्यालय के पूर्व छात्रों का जहां एक सफल उद्यमी, प्रशासनिक अधिकारी व समाजसेवी के रूप में समाज व राष्ट्र की तरक्की के लिए बड़ा योगदान है, वहीं देश व प्रदेश में शिक्षा का वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है।

