क्रिकेट लीग मैच के दूसरे राउंड में पहुंची 30 टीमें
विकासनगर
देवभूमि क्रिकेट एकेडमी की ओर से कारगिल शहीद लेफ्टिनेंट अशोक सकलानी की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पहले लीग मैच में खेली 60 टीमों में से 30 टीमें दूसरे राउंड में पहुंची। बुधवार को क्रिकेट टूर्नामेंट देखने को बड़ी संख्या में लोग बुलाकीवाला के तप्पड़ ग्राउंड में पहुंचे। टूर्नामेंट का पहला लीग मैच खतार और लोरली-ए टीम के बीच खेला गया। इसमें लोरली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ओवर में 4 विकेट खोकर कुल 56 रन बनाए। टीम की ओर से मियाल राणा ने सर्वाधिक 21 रन बनाए। जवाब में उतरी खतार की टीम ने 3 विकेट खोकर जीत के लक्ष्य को हासिल कर लिया। टीम की ओर से संदीप ने शानदार बल्लेबाजी कर 29 रन का योगदान किया। दूसरा लीग मैच बाणाधार और डिंडाल के बीच खेला गया। बाणाधार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 43 रन बनाए। जवाब में डिंडाल की टीम 39 रनों पर सिमट गई। तीसरा लीग मैच मोहना और टगरी के बीच खेला गया। मोहना की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 41 रन बनाए। जवाब में उतरी टगरी की टीम सिर्फ 22 रन बना पाई। चौथा मैच देसऊ और पिंगुवा के बीच खेला गया। इसमें देसऊ की टीम ने निर्धारित ओवर में 50 रन बनाए। जवाब में पिंगुवा की टीम 43 रनों पर सिमट गई। इसी तरह अन्य टीमों के बीच भी क्रिकेट लीग मैच का पहला मुकाबला हुआ। 60 टीमों के बीच हुए पहले क्रिकेट लीग मैच मुकाबले में 30 टीमों ने जीत दर्ज कर दूसरे राउंड के लिए प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दौरान बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रशांत जैन और विशिष्ट अतिथि पछुवादून प्रेस क्लब अध्यक्ष चंदराम राजगुरु, समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, अध्यक्ष अभिराज सिंह चौहान, रोहित चौहान, विकास कुमार, गोपाल तोमर, शहजाद पठान, विपिन तोमर, राजेश तोमर, कुलदीप गौतम, अमन राणा, महेंद्र नेगी, सतपाल चौहान, मुर्सलीन, नीरज चौहान, कपिल चौहान, महेंद्र नेगी, अमन राणा, जगमोहन राणा आदि मौजूद रहे।

