स्कूली बच्चों को गौरा शक्ति एप की दी जानकारी

 रुडकी

लक्सर कोतवाली की तरफ से शुक्रवार को नगर के मोंटफोर्ट चिल्ड्रेन एकेडमी में शिविर लगाया गया। इसमें महिला पुलिस उप निरीक्षकों ने छात्र एवं छात्राओं को गुड टच और बैड टच के साथ ही बाल अपराधों के बारे में बताया। इसके अलावा बच्चों को गौरा शक्ति एप की विस्तार से जानकारी दी गई।
एकेडमी के प्रबंधक जसवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट शिविर की शुरूआत की। प्रबंधक ने कहा कि देश काफी तेजी के साथ तकनीकी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही अपराध करने के तौर तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में किशोर अवस्था से ही बच्चों को जानकारी देना जरुरी है। कोतवाल ने साइबर क्राइम के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों से आग्रह किया कि वह स्मार्टफोन का प्रयोग करते समय सावधान रहें। उनकी जरा सी गलती से बड़ा नुकसान हो सकता है। महिला उप निरीक्षक एकता ममगाई ने बच्चों को गुड टच व बैड टच के बारे में बारीकी से समझाया। कहा कि अगर कोई गलत तरीके से उन्हें टच करता है तो वह कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना दें। सूचना के दस मिनट में पुलिस उनके पास पहुंचेगी।
महिला उप निरीक्षक गीता चौहान ने बच्चों को गौरा शक्ति एप के बारे में बताया। कहा कि उक्त एप महिलाओं की सुरक्षा के लिए तैयार किया गया है। बच्चे अपने घर के स्मार्टफोन में इसे इंस्टाल करके पंजीकरण कर सकते हैं। इस पर की गई शिकायत भी तत्काल संबंधित थाने या कोतवाली में रजिस्टर होगी। साथ ही शिकायतकर्ता के पास पुलिस की मदद भी पहुंचेगी। एकेडमी की प्रधानाचार्य कुसुम देवी, विनय कश्यप, ब्रिजेश कुमार, राजेश कुमार, लोकेश कुमार, निशांत कुमार, बालेश देवी, शिखा गुप्ता और रंजना देवी आदि ने भी विचार प्रकट किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *