सादगी से मना शांतिकुंज अधिष्ठात्री शैलदीदी का जन्मदिन
हरिद्वार।
शांतिकुंज की अधिष्ठात्री शैलदीदी का 69वां जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया। शैलदीदी ने विगत 96 वर्षों से सतत जलाकर सिद्ध अखण्ड दीपक का दर्शन किया। गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या, व्यवस्थापक महेन्द्र शर्मा सहित शांतिकुंज कार्यकर्ता, देवसंस्कृति विवि परिवार, गायत्री विद्यापीठ के बच्चों सहित देश विदेश से आए लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंटकर स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। इस अवसर पर नारी सशक्तिकरण रैली निकाली गयी, जिसमें शांतिकुंज, देवसंस्कृति विवि, ब्रह्मवर्चस शोध संस्थान सहित देश विदेश से विभिन्न शिविरों में आए साधकों ने भाग लिया। इस अवसर पर 27 कुण्डीय यज्ञशाला मे विशेष हवन हुआ, जिसमें शैलदीदी के स्वस्थ एवं मंगल जीवन की विशेष आहुतियां दी गयी। सन 1953 को जन्मी शैलदीदी का प्रारंभिक जीवन मथुरा में बीता। इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई विवि से साइकोलॉजी में उच्च श्रेणी से परास्नातक एवं शोध करने के बाद अपना जीवन समाजोत्थान के लिए समर्पित कर दिया। शैलदीदी को नारी जागरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इसी वर्ष वैश्विक प्रियदर्शिनी अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

