अवैध वसूली में बजरंग दल नेता की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

हरिद्वार

ई रिक्शा चालकों से अवैध वसूली के आरोप में फंसे बजरंग दल के जिला संयोजक एवं ई रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष नवीन तेश्वर की गिरफ्तारी की तैयारी में कनखल पुलिस जुट गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही आरोपी नेता की गिरफ्तारी हो सकती है। इधर, बजरंग दल नेता के भूमिगत होने की बात सामने आ रही है। शनिवार को कनखल थाने में एक ई रिक्शा चालक दीपक तनेजा ने बजरंगी ई रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष नवीन तेश्वर के खिलाफ अवैध वसूली का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि ई रिक्शा रूट पर चलाने की एवज में 11 हजार रुपये की डिमांड यूनियन अध्यक्ष नवीन तेश्वर ने की थी। डिमांड पूरी नहीं होने पर ई रिक्शा न चलाने की चेतावनी दी थी। धमकी दी थी कि वह उसकी हत्या करवाकर शव फिंकवा देगा। डरे सहमे ई रिक्शा चालक ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई थी। एसएसपी अजय सिह ने भी पूरे मामले का संज्ञान लिया था, क्योंकि एसएसपी ने ही ई रिक्शा चालकों से अवैध वसूली की शिकायत सामने आने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। कनखल पुलिस अब आरोपी ई रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष नवीन तेश्वर की गिरफ्तारी के लिए जुट गई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने अंदरखाने जब यूनियन अध्यक्ष के संबंध में जानकारी जुटाई, तब उसका अता पता नहीं चला। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *