मांगों को लेकर आधा किमी. तक दंडवत लेटकर पहुंचे कमलेश्वर मंदिर

श्रीनगर गढ़वाल

गढ़वाल केंद्रीय विवि में विवि कर्मचारी संघर्ष समिति की ओर से तदर्थ कर्मियों का रिक्त पदों पर समायोजन करने, पदोन्नति सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे मोबाइल क्रमिक अनशन को 100 दिन पूरे हो गए हैं। बावजूद मांगों पर कार्यवाही न होने पर विवि कर्मी कमलेश चंद्र नैथानी ने दंडवत लेटकर विवि गेट भैरव नाथ मंदिर से कमलेश्वर मंदिर तक की दूरी तय कर मांगों पर कार्यवाही के लिए प्रार्थना की। इस दौरान समिति के अन्य सदस्यों ने भी उनका समर्थन किया। गढ़वाल केंद्रीय विवि में कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले समिति के अध्यक्ष डा.देवेंद्र फर्स्वाण विभिन्न मांगों को मोबाइल क्रमिक अनशन पर हैं। उनका आरोप है कि विवि प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन की सुध नहीं ले रहा है। जिसके कारण विवि कर्मियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। आंदोलन के समर्थन में सोमवार को विवि को आंदेालन में उतरे कमलेश चंद्र नैथानी ने कहा कि अब भगवान भोलेनाथ पर ही उनका विश्वास है। जिसके कारण उन्होंने दंडवत प्रार्थना करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर विवि के कार्यों में बिना व्यवधान डाले आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। मौके पर राज्य आंदोलनकारी प्रेमदत्त नौटियाल, सभासद हिमांशु बहुगुणा, राजेंद्र रावत, सुनील रावत, रमेश बिष्ट, बृजमोहन, दिनेश, प्रीतम गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *