ग्राहक सेवा केंद्र खुलने से मिलेगी ग्राहकों को सुविधा
रुद्रप्रयाग
तल्लानागपुर क्षेत्र के दुर्गाधार में एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र का शुभारंभ हो गया है। इस केंद्र के खुलने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवा का लाभ मिलेगा, साथ ही ग्राहकों की समस्याओं का समाधान होगा। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के दुर्गाधार में ग्राहक सेवा केन्द्र का शुभारंभ करते हुए एसबीआई चोपता के शाखा प्रबंधक उमेश डोगरा ने कहा कि दुर्गाधार में ग्राहक सेवा केंद्र के खुलने से अब क्षेत्रीय लोगों को दिक्कतों का सा नहीं करना पड़ेगा। बैंकों से दी जाने वाली सभी प्रकार की सुविधाओं का लाभ इस केंद्र से मिलेगा। ग्राहकों को कैश निकालना, कैश जमा करना, कैश ट्रांसफर करना, पासबुक एंट्री करना, आधार कार्ड के माध्यम से कैश निकालना सहित अनेक सुविधाएं मिल सकेगी। जीरोमास प्राइवेट लि असिस्टेंट मैनेजर विमल सिंह रावत ने कहा कि अभी तक महिलाओं एवं बुजुर्गों को बैंकों में लंबी कतार लाइन में खड़ा होना पड़ता है, किंतु केन्द्र खुलने से आसानी से कम समय में बैंक संबंधित कार्य हो सकेंगे। नए खाते खोलने से लेकर सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, अटल पेंशन योजना आदि सभी बीमा पॉलिसियों के बारे में लाभ ले सकते है। इस अवसर पर हरीश सिंह गुंसाईं, सामाजिक कार्यकर्ता मानेंद्र कुमार, वन पंचायत सरपंच बसंती देवी, पूर्व प्रधान रामेश्वर सेमवाल, देवेंद्र बर्तवाल, वीरपाल सिंह गुंसाईं, मनीष गुंसाईं समेत व्यापार संघ के सदस्य मौजूद थे।

