डाकपत्थर महाविद्यालय में अभाविप कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
विकासनगर
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में छात्रों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर बुधवार को भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे। अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना है कि जल्द ही धरने को आमरण अनशन में तब्दील कर दिया जाएगा। धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में दस प्रतिशत सीट बढ़ाए जाने की मांग कॉलेज प्रशासन से की जा रही है। इस मांग को लेकर तथ्य यह है कि कॉलेज में प्रवेश के इच्छुक सैकड़ों छात्र-छात्राएं सीटों की संख्या कम होने के कारण प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। जिन्हें कहीं भी नजदीकी क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा नहीं मिल पाती है। जबकि देहरादून के शिक्षण संस्थानों में शिक्षा लेने के लिए आर्थिक तंगी आड़े आती है। कहा कि महाविद्यालय में अधिकांश गरीब तबके के छात्र-छात्राएं शिक्षा ले रहे हैं, जो पाठ्य सामग्री खरीदने में भी असमर्थ हैं। ऐसे में महाविद्यालय के पुस्तकालय से ही उन्हें पुस्तकें उपलब्ध होती हैं, लेकिन पुस्तकालय में सभी विषयों की पुस्तकें पर्याप्त नहीं हैं। प्राध्यापकों के भी कई पद रिक्त हैं। पुस्तकों और प्राध्यापकों के अभाव में छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। बिना प्राध्यापक और बिना पुस्तक के पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। बावजूद इसके महाविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को लेकर संवेदनहीन बना हुआ है। कहा कि जल्द ही धरने को आमरण अनशन में तब्दील कर दिया जाएगा।
धरने पर बैठने वालों में आशीष बिष्ट, प्रेमचंद नौटियाल, अवनीश नौटियाल, तुषार कपूर, रितेश सोनकर, अरुण चौहान, शिवानी चौहान, अरुण भार्गव, लक्ष्मी वर्मा, करन सप्पल, मंजीत डिमरी, विकेश चौहान, सूरज आदि शामिल रहे।

