जमीन फर्जीवाड़े में छह आरोपियों पर केस

देहरादून

एक जमीन को तीन बार बेचने के आरोपियों पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। काफी रकम देने के बाद पीड़ित को पता तो पुलिस से गुहार लगाई। प्राथमिक पड़ताल के बाद पुलिस ने इस मामले में छह लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रेमनगर इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट के मुताबिक हरवंशवाला निवासी रमेश चंद आर्य ने पिछले साल अगस्त में पौंधा में एक जमीन खरीदी थी। आर्य से इस जमीन का सौदा तीन भाईयों प्रदीप कुमार, विजय कुमार और सुनील कुमार ने किया। दोनों पक्ष अनुसूचित जाति के थे तो जमीन का दाखिल खारिज करने में कोई परेशानी नहीं थी। शुरुआती रकम देने के बाद जब इनसे रजिस्ट्री कराने को कहा गया तो टाल मटोल की। एक को बीमार बताया गया तो रजिस्ट्रार को घर बुलाकर रजिस्ट्री करा दी गई। इसके बाद जब रमेश आर्य अपनी जमीन पर बाउंड्री वॉल कराने पहुंचे तो वहां पर पूजा तलवार नाम की महिला इस जमीन पर अपना हक जमाने लगी। इस पर उन्होंने जमीन के दस्तावेज निकाले तो पता चला कि इस जमीन को पहले प्रदीप कुमार ‌आदि के पिता पहले ही अपने सहखातेदार के साथ मिलकर बेच चुके हैं। वकील के माध्यम से एक और जानकारी आई कि रमेश आर्य को बेचने से पहले ही इस जमीन को तीनों भाईयों ने एक कंपनी को भी बेचा है। धोखाधड़ी करने के मामले में सुनील कुमार, प्रदीप कुमार और विजय कुमार के साथ-साथ उनके पिता के सहखातेदार विनोद कुमार, सतीश कुमार और शास्त्री लाल के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *