विधायक ने देर रात किया अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लिया
विकासनगर
कोविड संक्रमण की चौथी लहर की आहट के बीच अस्पतालों में व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया जाने लगा है। शनिवार देर रात विधायक मुन्ना चौहान ने उप जिलाचिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर कोविड से निपटने के इंतजाम और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों और इमरजेंसी में उपचार के लिए आए मरीजों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विधायक ने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी ब्लॉक के साथ ही इनडोर वार्ड और कोविड वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोविड वार्ड के साथ ही सामान्य वार्ड के प्रत्येक बेड को भी ऑक्सीजन आपूर्ति से जोड़ा जाना चाहिए। रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉ. अनुराग धनिक और डॉ. अंजलि ने विधायक को रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों से अवगत कराया। डॉ. धनिक ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोविड से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर दी गई हैं। ट्रॉमा सेंटर में कोविड वार्ड बनाए गए हैं। अस्पताल में कोविड के उपचार की दवा और जांच किट भी मौजूद हैं। इसके साथ ही बूस्टर डोज लगाने के लिए सेंटर बनाए गए हैं। विधायक ने गर्भवती महिलाओं से वार्ड में जाकर बातचीत करते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही बताया कि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को रात्रिकालीन ड्यूटी पर निर्धारित समय तक मौजूद रहने के निर्देश दिए। साथ ही कोविड संक्रमण की संभावित लहर से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इस दौरान डॉ. केसर सिंह चौहान, डॉ. नरेंद्र चौहान, डॉ. हिमाद्री रौंकली पांगती, रोशन नेगी, नीरज ठाकुर आदि मौजूद रहे।

