मांगें पूरी नहीं होने पर रोष जताया

विकासनगर

ऊर्जा के तीनों निगमों के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की बैठक में कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर रोष जताया। उन्होंने टीजी प्रथम के पद को समाप्त कर एक ही पदनाम इस संवर्ग के सभी कर्मचारियों को दिए जाने की मांग निगम प्रबंधन से की है।
ऊर्जा के तीनों निगमों के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की रविवार को डाकपत्थर स्थित मनोरंजन क्लब द्वितीय में बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजकुमार पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में टीजी प्रथम का पद कई वर्ष पहले समाप्त कर दिया गया है। लेकिन उत्तराखंड में अभी भी पुरानी व्यवस्था चल रही है। कहा कि निगम प्रबंधन जल्द टीजी प्रथम का पद समाप्त करने के लिए जल्द कार्यवाही नहीं करेगा तो तीनों निगमों के कर्मचारी संयुक्त आंदोलन करेंगे। कहा कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को तीसरी एसीपी तीन हजार ग्रेड पे को समाप्त कर 4600 ग्रेड पे किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तीनों निगमों के प्रबंधन तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनदेखी कर रहे हैं। अधिकारी वर्ग की सभी समस्याओं का समाधान किया जाता है। जबकि तीनों निगमों की रीढ़ तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही होते हैं। जिन पर पूरे कार्यालय के काम का भार होता है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों के समर्थन में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन करते हैं, जिसे उनकी कमजोरी समझा जाता है। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत भी लंबे समय से नहीं करा रहा है, जबकि अन्य कर्मचारियों के अवासों की समय समय पर मरम्मत के साथ ही हर साल रंग रोगन कराया जाता है। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जल्द निगम प्रबंधन से मिलने का निर्णय लिया। इस दौान शैलेंद्र सिंह, प्रदीप कुमार अग्रवाल, रिशु कुमार, शहजाद अहमद, अर्जुन सिंह, भगवान लाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *