40 नग देवदार प्रकाष्ठ के साथ वाहन सीज

विकासनगर

चकराता वन प्रभाग की रिखनाड़ रेंज की टीम ने बिरपा बैंड के पास अवैध तरीके से देवदार की लकड़ी ले जा रहे वाहन को पकड़ कर सीज कर दिया। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। सीज वाहन को लकड़ी समेत वन विभाग के डाकपत्थर स्थित कार्यालय परिसर में खड़ा किया गया है। चकराता वन प्रभाग के जंगलों में इमारती लकड़ी तस्करी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शनिवार देर रात को वन कर्मियों को क्षेत्र से अवैध लकड़ी तस्करी की शिकायत मिली। वन क्षेत्राधिकारी यशपाल सिंह ने टीमें गठित कर दबिश के लिए अलग-अलग मार्गों पर भेजा। रात डेढ़ बजे चालक सामने से वन विभाग के वाहन को आता देख अपना वाहन छोड़कर भाग गया। वन कर्मियों ने चालक को कुछ देर तलाश किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा। वाहन की तलाशी में 40 नग देवदार चिरान प्रकाष्ठ मिला। वनकर्मियों ने वाहन को सीज कर डाकपत्थर स्थित कार्यालय परिसर में खड़ा कर वन अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ अपराध पत्र जारी किया है। वन विभाग की टीम में वन दरोगा रमेश कुमार, अशोक कुमार, आशीष शाह, सोमपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *