क्रिसमस पर निकाली शोभायात्रा, भाईचारे का दिया संदेश

विकासनगर

विकासनगर में मसीही समाज ने क्रिसमस का पर्व धूमधाम से मनाया। शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रविवार सुबह निकाली गई शोभायात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल युवा जहां डीजे की धुन पर झूमते दिखे। वहीं महिलाओं ने धार्मिक गीत गाकर प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर खुशी जताई। लोगों ने शोभायात्रा में हिस्सा लेकर मसीही समुदाय के साथ खुशी साझा की और भाईचारे का संदेश दिया। सुबह आठ बजे मारटंडेल से शुरू हुई शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों के माध्यम से प्रभु यीशु के जीवन को दर्शाया गया। छोटे बच्चे सांता क्लाज की वेशभूषा में आकर्षण का केंद्र बने रहे। नन्हीं परियों की वेशभूषा में बच्चियों ने सबका मन मोह लिया। वही ढोल-नगाड़ों, डीजे और पटाखों की गूंज से माहौल खुशनुमा हो गया। शोभायात्रा मुख्य बाजार से होती हुई पंजाबी कॉलोनी पहुंची। इसके बाद कोतवाली रोड से सेंट जेम्स चर्च पहुंची और प्रार्थना सभा के साथ संपन्न हो गई। दोपहर 12 बजे मसीही समुदाय के लोगों ने केक काटकर एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। इस दौरान सांता क्लाज बने युवक ने बच्चों में मिठाइयां बांटी। फादर एके सिंह ने बताया कि शहर में हर साल क्रिसमस पर शोभायात्रा निकाली जाती रही है। कहा कि इस बार दोबारा क्रिसमस के उपलक्ष्य में लोगों ने इसका आयोजन कर प्रभु यीशु को याद किया है। प्रभु यीशु मसीह ने धरती पर आकर लोगों को मानवता का पाठ पढ़ाया और नफरत, बैर और आपसी भेदभाव को दूर कर लोगों को एक साथ रहने का संदेश दिया। शोभायात्रा में एंथोनी, अभिषेक इलियास, रजत डेविड, पर्सी वेल्स, क्लाइव, डेविड, विभोर जॉन आदि शामिल रहे।
बाबूगढ़ स्थित सेंट पॉल चर्च में क्रिसमस पर प्रार्थना सभा आयोजित की गई। फादर मुकेश ने ईसाई समुदाय के लोगों को प्रभु द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और मानवता का संदेश देने वाले यीशु मसीह को याद करने को कहा। इसके साथ-साथ उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएं भी दीं। कहा कि ईसाई समाज विकासनगर के भाईचारे का एक अहम हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *