कोरोना के नए वेरिएंट से निपटने की तैयारियां देखी
रुड़की। विभागीय आदेश पर खानपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. शौर्य सिंघल ने लक्सर सीएचसी के अलावा सुल्तानपुर और रायसी पीएचसी का निरीक्षण किया। टीम ने वहां कोरोना के नए वेरिएंट की रोकथाम और इलाज लेकर की गई विभागीय तैयारियों के साथ ही कोरोना मरीजों के इलाज के लिए मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया।
कोरोना का नया बीएफ.7 वेरिएंट आने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पहले से अपनी तैयारी कर रहा है। सीएमओ के आदेश पर मंगलवार को खानपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. सिंघल ने लक्सर सीएचसी और सुल्तानपुर और रायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने कोरोना को लेकर शासन व विभाग द्वारा जारी की गई की गाइडलाइन के तहत की गई तैयारी की बारीकी से जांच पड़ताल की। साथ ही केंद्रों पर कोरोना की सैंपलिंग और जांच के अलावा मरीज भर्ती होने पर बेड, दवा, ऑक्सीजन की मौजूदगी जांची। इसके साथ ही केंद्रों पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वॉय और अन्य जरूरी स्टाफ की तैनाती तथा मरीज को हायर सेंटर रेफर करने की जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस की उपलब्धता के बारे में भी पूरी जानकारी ली। निरीक्षण के बाद डॉ. सिंघल ने बताया कि विभाग ने एक स्वास्थ्य केंद्र की टीम को दूसरे केंद्र का निरीक्षण कर वहां कोरोना के नए वेरिएंट से निपटने को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा के आदेश दिए गए हैं। इसी आदेश के तहत लक्सर सीएचसी व दो पीएचसी का निरीक्षण किया गया है। बताया कि लक्सर सीएचसी पर कोरोना को लेकर जारी सरकारी गाइडलाइन के तहत सारी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। एंबुलेंस व दवाओं के साथ ही ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर भी सीएचसी पर चालू हालत में हैं। मरीजों को भर्ती करने के लिए आइसोलेशन वार्ड तथा इलाज करने वाला पूरा स्टाफ भी है। पीएचसी पर ऑक्सीजन व एंबुलेंस की सुविधा पहले से ही नहीं है। बताया कि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट सीएमओ हरिद्वार को भेज दी गई है।

