एटीएम में तोड़फोड़ करने वाले दो गिरफ्तार
हरिद्वार
पथरी क्षेत्र के गांव धनपुरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है। आरोपियों के बताए स्थान से पुलिस ने चोरी हुई बैटरियों को भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार धनपुरा स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लगा पीएनबी के एक एटीएम को शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर एटीएम की छह बैटरी लेकर चोर भाग निकले। शानिवार सुबह बैंक मैनेजर को एटीएम में तोड़फोड़ और चोरी की जानकारी हुई। बैंक शाखा मैनेजर विवेक कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर कर दी। छानबीन में पता चला कि एटीएम के लॉकर को तोड़ने में जब चोर नाकाम हो गए तो एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया। बैंक से पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शानिवार रात ही चोरों का पता कर दो लोगों रिंकू उर्फ आवारा पुत्र महिपाल, अंकित पुत्र वीरेंद्र निवासी धनपुरा को पंचायत घर धनपुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की बैटरियों को भी पुलिस ने बरामद कर लिया और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वहीं, दूसरी ओर द्वारिका बिहार कॉलोनी लवकुश के घर से चोरी हुए गैस सिलेंडर को भी बरामद किया है। आरोपियों ने चोरी करना भी कबुल कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों नशे के आदी हैं और नशा खरीदने के प्रयास में चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। फेरुपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दोनों ने धनपुरा एटीएम में चोरी का प्रयास व फेरुपुर में एक घर से सिलेंडर चोरी किया था। दोनों मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।

