महुआ धार में मिला मादा गुलदार का शव

नई टिहरी

बालगंगा रेंज के महुआ धार में एक मादा गुलदार का शव बरामद किया गया है। वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे जला दिया। गुलदार की मौत जंगली जानवरों के आपसी संघर्ष के बाद चट्टान से गिरने के कारण बताई जा रही है। जिसकी उम्र करीब 6 से 7 वर्ष की है।
रेंज अधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि वन आरक्षी धर्मेंद्र पंवार ने घनसाली के कोठियाडा गांव के पास महुआ धार में एक मादा गुलदार के मृत अवस्था में पड़े होने उन्हें सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में लिया और उसे लीसा डिपो पिलवा लेकर आई, जहां पशुपालन विभाग के दो चिकित्सकों की टीम ने गुलदार के शव का पोस्टमार्टम किया।
रेंज अधिकारी ने बताया कि गुलदार के गले पर रेडियो कॉलर लगा था। बताया यह गुलदार बीते 12 फरवरी 2021 को खोला गांव में एक मुर्गी बाड़े में फंस गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसके गले पर रेडियो कॉलर लगाया गया था। गुलदार की किसी जंगली जानवर के साथ लड़ाई होने के दौरान शायद वह चट्टान से गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृत गुलदार के दांत और नाखून सही सलामत पाये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *