उपजिला अस्पताल में सुविधाओं की मांग उठाई, डीएम ने दिया आश्वासन
चम्पावत
उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट में नगर पालिका अध्यक्ष ने अस्पताल प्रबंधन के साथ समस्याओं पर बैठक की। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने डीएम के समक्ष समस्याओं को रखकर जल्द निदान की मांग की। उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में आयोजित बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने डॉक्टर्स और स्टाफ की समस्याएं सुनी। पालिका अध्यक्ष वर्मा ने मरीज आने के बाद डॉक्टरर्स और वार्ड व्याय के बीच उचित समन्वय स्थापित करने के लिए कहा। पालिका अध्यक्ष वर्मा ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद कमर से कहा कि नेत्र रोग विशेषज्ञ को आए हुए एक साल हो गया है। लेकिन अब तक एक भी आंख के आपरेशन नहीं हो पाए। जिससे मरीजों को विशेषज्ञ का फायदा नहीं मिल रहा है। मरीज आंखों के आपरेशन करवाने के लिए चम्पावत, हल्द्वानी, खटीमा जा रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि आंखों के आपरेशन के लिए माइक्रोस्कोप तो आ गया है, लेकिन उपकरणों की कमी है। ऐसे ही हड्डी रोग विशेषज्ञ की भी ओटी तैयार होनी है। उपकरण न होने पर हड्डी रोग विशेषज्ञ भी आपरेशन नहीं कर पा रहा है। पालिका अध्यक्ष वर्मा ने डीएम से वार्ता कर 15 दिन के अंदर नेत्र और हड्डी रोग विशेषज्ञ को उपकरण देने की मांग की। वर्मा ने बताया कि डीएम ने जल्द उपकरणों का प्रबंध करवाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर सभासद राजकिशोर साह आदि मौजूद रहे।

