असमानता का भाव खत्म करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम जरूरी: डॉ० कंसल
रुड़की
सिविल अस्पताल में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चयनित साथिया का पांच दिन का प्रशिक्षण संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में अलग-अलग क्षेत्रों के साथिया ने प्रतिभाग किया। अस्पताल के सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने कहा कि महिला-पुरुष में समानता लाकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। तमाम कार्यक्रमों से बहुत से लोग इसे लेकर जागरूक हुए हैं, लेकिन अभी भी असमानता का भाव खत्म करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम जरूरी है। जागरूकता से ही इसे समाप्त किया जा सकता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी भजन पंवार ने लिंग आधारित हिंसा, नशे से होने वाले नुकसान, गैर संचारी रोग आदि पर जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के विषय में भी बताया गया। इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल साथिया (पियर एजुकेटर) को उनके काम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक प्रीति डंगवाल, सुपरवाइजर रिचा गर्ग, काउंसलर देवी लाल, आकाश सैनी, मोंटी, वैशाली, नीतिन कुमार, नीलू, वंशिका, आस्था, रीतू, हर्ष कुमार, ऋषिका, सत्यम, अनुष्का, रितु, शगुन, आरुषि आदि मौजूद रहे।

