व्यापारियों को दी खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारियां
अल्मोड़ा। रानीखेत में खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से रानीखेत में फोस्टेक ट्रेनिंग सर्टीफिकेट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारियों के साथ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल, सामान की एक्सपायरी, खाद्य पदार्थों में पोषक तत्वों की जानकारी समेत ग्राहकों के साथ मधुर, कुशल व्यवहार, सामानों के उचित मूल्य रखने आदि की भी जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर विनय कुमार ने कहा कि फोस्टेक ट्रेनिंग वर्कशॉप आने वाले समय में रेस्टोरेंट्स, किराना, मिठाई, बेकरी तथा अन्य खाद्य संबंधी वस्तुओं के प्रतिष्ठानों के लिए अनिवार्य होने जा रही है। इस सर्टीफिकेट की प्राप्ति के बाद ही एफएसएसएआई फूड लाइसेंस दिए जाने का प्रावधान है। कार्यशाला में व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष चौधरी, महिला उपाध्यक्ष नेहा माहरा, कोषाध्यक्ष भुवन पांडे, मोहन नेगी, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष भगवंत नेगी आदि मौजूद रहे।

